अंगदान के संकल्प के साथ रायपुर ने भरी जीवन बचाने की हुंकार
आईएलएस हॉस्पिटल के ‘वॉकथॉन 2.0’ में 3500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, ऑनलाइन 8000 से ज्यादा लोगों ने किया समर्थन

रायपुर। अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समाज में इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का संदेश लेकर आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा रविवार को मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आयोजित इस वॉकथॉन में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित 3500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से 8000 से अधिक लोगों ने इस जागरूकता अभियान को अपना समर्थन दिया।
वॉकथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में अंगदान के महत्व को दर्शाने वाले बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। इस पहल के माध्यम से अंगदान को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी अभियान से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री राजेश चौहान, विशेष अतिथि पद्मश्री श्री अनुज शर्मा, डीजीपी श्री राजीव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) श्री संजय शर्मा, आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल और सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया सहित आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने अंगदान के महत्व पर अपने विचार साझा किए और आईएलएस हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। ऐसे जनजागरूकता अभियान लोगों को अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों से बाहर निकलने और इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही युवाओं से अंगदान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भी वॉकथॉन में सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे तथा कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल ओस्तवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चिकित्सकों ने प्रतिभागियों के साथ पैदल चलकर अंगदान के महत्व का संदेश दिया। उनकी सहभागिता ने इस अभियान में स्वास्थ्य क्षेत्र की सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक होने और इस विषय पर समाज में संवाद बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वॉकथॉन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से ईवी स्कूटर, टैबलेट और अन्य आकर्षक उपहार वितरित किए गए। इस गतिविधि ने कार्यक्रम के उत्साह को और बढ़ाया तथा प्रतिभागियों के लिए आयोजन को यादगार बनाया।
आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर के मार्केटिंग हेड श्री सतनाम सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अस्पताल भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे अभियान आयोजित करता रहेगा, ताकि समाज में स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग जनहित की पहलों से जुड़ सकें।
‘ILS Walkathon 2.0’ के माध्यम से रायपुर में अंगदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और जीवन बचाने के इस अभियान में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

