
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। गुरुग्राम के प्रतिष्ठित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स समूह का यह पहला अस्पताल है, जो दिल्ली-एनसीआर से बाहर स्थापित किया गया है। 300 से अधिक बेड वाले इस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के शुरू होने से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
छत्तीसगढ़ में आज भी झमाझम बारिश के आसार, ‘मुरासु’ का दिखेगा असर; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती और आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 30 से अधिक विशेषज्ञताएं
अस्पताल में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोसाइंस, हड्डी एवं जोड़ रोग, किडनी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और क्रिटिकल केयर सहित 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं में उपचार की सुविधा होगी। यहां 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी व ट्रॉमा सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे महानगरों पर निर्भरता कम करना और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि समूह का उद्देश्य मरीजों को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है। रायपुर में अस्पताल की स्थापना मध्य भारत में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के अनेक मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी। नए अस्पताल से उन्हें आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं रायपुर में ही मिल सकेंगी।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य चिकित्सा गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार के मानकों को स्थापित करना है। समारोह में अतिथियों ने रिबन काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 में स्थापित गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स 750 से अधिक बेड और 40 से ज्यादा चिकित्सा विशेषज्ञताओं के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। संस्थान जेसीआई और एनएबीएच से मान्यता प्राप्त है। रायपुर में नए अस्पताल की स्थापना के साथ समूह ने दिल्ली-एनसीआर से बाहर अपनी सेवाओं का विस्तार किया है।

