देश-विदेश
Trending

जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, जानें कहां कराई आपात लैंडिंग

जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो के विमान की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इंडिगो एयरलाइन के अनुसार विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। एयरपोर्ट पर बम और डॉग स्क्वाड सहित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी पहुंचे हैं और जांच में जुटे हुए हैं। सीआईएसएफ के अलावा महाराष्ट्र पुलिस भी मौजूद है। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर भी अधिकारी पहुंचें। सीआईएसएफ के अलावा महाराष्ट्र पुलिस भी मौजूद है। हालांकि, कंपनी ने बताया कि कुछ देर बाद ही विमान नागपुर से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से रविवार सुबह 8 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6ई 7308 ने हैदराबाद के लिए उड़ान भरी थी। इसे 9:40 बजे हैदराबाद में उतरना था लेकिन इससे पहले ही 9:10 बजे फ्लाइट को नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। इंडिगो की मैनेजर हिना खान ने बताया कि विमान में 69 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार हैं। जबलपुर से उड़ान भरने के कुछ समय बाद क्रू में शामिल ज्योतिस्मिता सैकिया वॉशरूम गईं। यहां टॉयलेट रोल के टुकड़े पर नीली स्याही से लिखा मैसेज दिखा। इसमें लिखा था- ‘विस्फोट@9:00 पूर्वाह्न।’ सैकिया ने पायलट को सूचना दी जिसने एरिया ट्रैफिक कंट्रोल, नागपुर को सूचना दी। फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया। एमआईएल सुरक्षा और टर्मिनल विभाग द्वारा बम खतरा आकलन समिति को जानकारी दी गई। इसके बाद विमान को नागपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।

उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालकर चेकिंग की गई। विमान को भी सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया था। इंडिगो की मैनेजर हिना खान के अनुसार सभी यात्री फिलहाल सुरक्षित हैं। फिलहाल, फ्लाइट के भीतर रखे सामान की जांच की जा रही है। इसके अलावा सुरक्षा टीम इस बात की भी जानकारी जुटाने में लगी है कि ये मैसेज किसने और कब लिखा?

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper