
CG NEWS : 2018 से बंद स्काई-वॉक का निर्माण विष्णु के सुशासन में फिर होगा शुरु, आदेश जारी
रायपुर । राजधानी रायपुर में बने अधूरे स्काई-वॉक का निर्माण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में फिर से शुरू होने जा रहा है। 2018 से अधूरे बंद पड़े इस बहुचर्चित और विवादित प्रोजेक्ट के लिए लोक निर्माण विभाग ने राशि मंजूर कर दी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग ने 15 मई गुरुवार की देर रात को टेंडर जारी किया है।
लोक निर्माण विभाग मंत्रालय से जारी आदेश के मुताबिक, इसके लिए 37 करोड़ 75 लाख रुपये की मंजूरी मिल गई है। करीब डेढ़ किमी के स्काई वॉक में 12 जगह उतरने और चढऩे के लिए ऐस्कलेटर लगेंगे। साथ ही सीढिय़ां भी बनाई जाएंगी। इसके अलावा दो जगहों में अलग से सीढिय़ां बनेंगी। जारी आदेश में पीएसएस कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. रायपुर को यह कार्य सौंपा गया है। यह प्रोजेक्ट पहले की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अधूरा रह गया था। लंबे समय से इसे लेकर विवाद और राजनीतिक तकरार बनी हुई थी।

स्काई वॉक प्रोजेक्ट को लेकर दिशा-निर्देश जारी
आदेश में स्काई वॉक प्रोजेक्ट को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया गया है। जिसके अंतर्गत कार्य पूर्व स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन के अनुरूप ही पूरा किया जाएगा। सभी नॉन एसओआर मदों की दरों का विश्लेषण कर अनुमोदन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और कार्य अनुबंधित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश हैं। यह कार्य सबलेट नहीं किया जा सकेगा और पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। कार्य अनुबंध के अनुसार और बजट सीमा के भीतर ही किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह बहुप्रतीक्षित एवं विवादित स्काई-वॉक प्रोजेक्ट 2017 में शुरू हुआ था। भाजपा सरकार का उद्देश्य था कि रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौक और जय स्तंभ चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में पैदल यात्रियों को ट्रैफिक से राहत मिले और शहर को एक मॉडर्न लुक दिया जा सके। निर्माण के दौरान कई तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों के चलते यह प्रोजेक्ट रुक गया।


