
ऐतिहासिक गणेश विसर्जन झांकी का मुख्यमंत्री साय और महापौर मीनल चौबे ने किया स्वागत
रायपुर की ऐतिहासिक परंपरा में अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था देने नगर निगम रायपुर को सराहा
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 सितंबर की देर रात राजधानी रायपुर के हृदयस्थल जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित स्वागत मंच पर पहुंचे और ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल होकर झांकियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर की गणेश विसर्जन झांकी अत्यंत ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने विघ्नहर्ता श्री गणेश से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृद्धि की कामना भी की। मुख्यमंत्री श्री साय ने ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा में आमंत्रित करने के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस राजधानी रायपुर में शाम 8 बजे से ही गणेश झांकी यात्रा प्रारंभ हो गई थी। इस बार भी निर्धारित रूट पर शारदा चौक से झांकियों को टोकन प्रदान किया गया। झांकियां तेलघानी नाका, राठौर चौक और तात्यापारा से होकर शारदा चौक में एकत्रित हुईं, तत्पश्चात एक-एक कर आगे बढ़ीं। ये सभी झांकियां जयस्तंभ चौक से होते हुए मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा मार्ग से होकर महादेव घाट तक पहुंचीं। इस वर्ष भी झांकियों को विभिन्न विषयों पर आकर्षक रूप से सजाया गया। इनमें विविध पौराणिक प्रसंगों के साथ-साथ ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान की झलक भी देखने को मिली। रायपुर की सड़कों पर झांकी के रूप में राफेल विमान का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एक झांकी में बप्पा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में विराजमान दिखाई दिए। इन झांकियों को देखने के लिए न केवल रायपुर शहरवासी बल्कि आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, पार्षदो की उपस्थिति में गणेश मूर्ति विसर्जन झांकियों का राजधानी शहर में आत्मीय स्वागत किया।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर की ऐतिहासिक परंपरा गणेश विसर्जन झांकी के अवसर पर नगर निगम रायपुर के मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन से नगर निगम रायपुर के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों का संबल बढ़ा है इसके लिए हम सभी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को रायपुर नगर निगम की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते है।
श्री गणेश मूर्ति विसर्जन चल झांकी में मनोहारी झांकियों का अवलोकन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रसन्न हुए एवं शहर और राज्य की गौरवशाली परंपरा को समृद्ध बनाने के कार्य को लेकर नगर वासियों के सकारात्मक सहयोग की भी सराहना की।
