
रायपुर। राजधानी रायपुर में दिन-प्रतिदिन बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने की माँग को लेकर आज एनएसयूआई प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) को ज्ञापन सौंपा और विरोध करते हुए नींबू मिर्ची लेकर यातायात विभाग का नजर उतरी है।
अवैध पार्किंग से जनता परेशान
हेमंत पाल ने बताया कि रायपुर शहर के मुख्य क्षेत्रों — लोधीपारा, शंकरनगर, मोवा और पंडरी — में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। अवैध पार्किंग, सड़कों पर ठेले–हॉकर्स का कब्ज़ा, बिना सिग्नल वाले चौराहे और ट्रैफिक पुलिस की कमी के कारण आम नागरिकों, विशेषकर छात्रों और कार्यालय जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों पर ओवरलोड वाहन और तेज रफ़्तार ड्राइवर भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं।
लोकसभा सांसद खेल महोत्सव : पंजीयन के लिए नागरिकों से अपील – Pratidin Rajdhani
प्रशासन को दी चेतावनी
एनएसयूआई प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो एनएसयूआई सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस विभाग को राजधानी की अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

NSUI की प्रमुख माँगें:
- शहर के प्रमुख चौक–चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल की मरम्मत एवं नए सिग्नल की स्थापना की जाए।
- स्कूल–कॉलेज एवं कार्यालय समय में ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई जाए।
- सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर त्वरित एवं सख्त कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव मोनू तिवारी, वाइस चेयरमैन पुनेश्वर लहरे, उपाध्यक्ष अंकित बंजारे, हिमांशु तांडी, मनीष बांधे, अर्सलान शेख, तिरुपति राव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

