12,073 फीट की ऊंचाई पर आस्था और साहस की जीत

जतिन नचरानी
सिंधी समाज की बिटिया मोनिका पंजवानी ने चंद्रशिला मंदिर पहुंचकर रचा नया कीर्तिमान
रायपुर। सिंधी समाज की प्रतिभाशाली और साहसी बेटी मोनिका पंजवानी ने दुर्गम पर्वतीय परिस्थितियों को पार करते हुए उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध चंद्रशिला मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर एक प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। 12,073 फीट (लगभग 3,680 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित चंद्रशिला मंदिर तक पहुंचना अत्यंत कठिन माना जाता है, जहां बर्फीले रास्ते और प्रतिकूल मौसम बड़ी चुनौती होते हैं।
नववर्ष के अवसर पर की गई इस धार्मिक एवं साहसिक यात्रा के माध्यम से मोनिका पंजवानी ने न केवल अपनी आस्था और संकल्प का परिचय दिया, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का संदेश भी दिया है। चंद्रशिला, जिसे ‘मून स्टोन’ के नाम से भी जाना जाता है, अपनी दुर्गमता और आध्यात्मिक महत्ता के लिए प्रसिद्ध है।
मोनिका की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता श्री दिलीप पंजवानी एवं श्रीमती पुष्पा पंजवानी, निवासी पेंशन पाड़ा, रायपुर ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने परिवार के साथ-साथ संपूर्ण सिंधी समाज का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मोनिका की यह सफलता युवाओं को साहस, आत्मविश्वास और आस्था के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मोनिका पंजवानी की इस यात्रा से समाज में उत्साह और गौरव का वातावरण है। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ निश्चय, साहस और विश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।


