छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ बनेगा ऊर्जा और औद्योगिक हब: अडानी समूह 60 हजार रुपए करोड़ से अधिक का करेगा निवेश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अडानी समूह के चेयरमैन ने किया बड़ा ऐलान

रायपुर । मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मशहूर उद्योगपति  गौतम अडानी ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित शाल और नंदी भेंटकर छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात के दौरान श्री अडानी ने छत्तीसगढ़ में ऊर्जा और सीमेंट के क्षेत्र में 65 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि निवेश किए जाने की घोषणा की। श्री अडानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायपुर, कोरबा और रायगढ़ में अडानी समूह अपने पावर प्लांट्स के विस्तार के लिए 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता में 6,120 मेगावाट की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी होगी।

चेयरमैन श्री अडानी ने आगे बताया कि अडानी समूह राज्य में सीमेंट प्लांट्स के विकास और विस्तार के लिए भी 5,000 करोड़ का निवेश करेगा। यह कदम राज्य के औद्योगिक विकास को मजबूती देगा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।

छत्तीसगढ़ के विकास के लिए अडानी समूह 10 हजार करोड़ रुपए का करेगा निवेश

मुख्यमंत्री श्री साय को श्री अडानी ने बताया कि अडानी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अगले चार वर्षों में 10 हजार करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह पहल राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अडानी समूह के पहल की सराहना की

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अडानी समूह के इस पहल की सराहना करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि यह निवेश न केवल छत्तीसगढ़ की आर्थिक और औद्योगिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा, बल्कि इसे देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper