
गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों से बचें, सर्वर स्लो होने से आई थी बुकिंग में दिक्कत: डीएम
मीरजापुर,। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत की चर्चाओं के बीच जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। तकनीकी कारणों से ऑयल कंपनियों के सर्वर स्लो होने के चलते गुरुवार को ऑनलाइन बुकिंग में कुछ समय के लिए समस्या जरूर आई थी, लेकिन इसका समाधान किया जा रहा है और जल्द ही बुकिंग व डिलीवरी पहले की तरह सुचारु हो जाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डीएम ने बताया कि सर्वर की धीमी गति के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे कई जगहों पर किल्लत की अफवाहें फैल गईं। उन्होंने कहा कि जनपद में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और कहीं भी वास्तविक कमी की स्थिति नहीं है।
जिलाधिकारी ने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों या गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। यदि घर में भरा हुआ सिलेंडर मौजूद है तो फिलहाल अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए प्रयास न करें, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन गैस आपूर्ति को लगातार सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी कर रहा है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए लोग प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी समस्या दूर होते ही ऑनलाइन बुकिंग और सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

