
इंदौर । आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की टीम ने इंदौर नगर निगम के उद्यान विभाग में सहायक अधीक्षक चेतन पाटिल के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीम ने पाटिल के खिलाफ भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को उनके घर और दफ्तर पर दबिश देकर जांच शुरू की है। एक टीम पाटिल के गुलमोहर कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंची है, जबकि दूसरी टीम नगर निगम स्थित उनके कार्यालय में छानबीन कर रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ईओडब्ल्यू के एसपी आरएस यादव ने बताया कि ईओडब्ल्यू को इनपुट मिले थे कि बीते सालों में पाटिल ने खुद के, परिवार, रिश्तेदारों के नाम से काफी संपत्ति अर्जित की। इंदौर के बाहर भी प्रॉपर्टी होने की सूचना है। इंदौर नगर निगम के उद्यान विभाग में सहायक अधीक्षक चेतन पाटिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया गया है। अभी तक गुलमोहर कॉलोनी में 28.60 लाख रुपये कीमत के दो प्लॉट, 42 लाख रुपये कीमत का दो मंजिला मकान, 25 लाख रुपये की पॉलिसी, 20 लाख रुपये कीमत का सोना और करीब एक लाख रुपये नकद मिले हैं। अभी सर्च जारी है और सोने का मूल्यांकन होना बाकी है।
उन्होंने बताया कि पाटिल नगर निगम में मस्टरकर्मी भर्ती हुए थे। उनकी 20 साल की नौकरी में वेतन से आय का अनुमान करीब 15 लाख रुपये का है, जबकि 1.85 करोड़ रुपये खर्च करना पाया गया है। इनके पास नगर निगम इंदौर की उद्यानिकी विभाग का प्रभार है, जिसमें पौधों की खरीदी में चार करोड़ रुपये का घोटाला संबंधी शिकायत मिली थी। ईओडब्ल्यू की एक टीम पाटिल के गुलमोहर कॉलोनी निवास पर दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। इसमें बैंक पासबुक, संपत्ति, जमा पूंजी, एफडी, इन्वेस्टमेंट सहित कई बिंदुओं पर टीम जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, दूसरी टीम निगम के उनके ऑफिस के दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। इसमें पौधों की खरीदी, कटाई, टेंडल, बिल आदि को जानकारी जुटाई जाएगी।

