छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

रायपुर ।  छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता को लेकर मौसम विभाग ने  चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज (बुधवार) को सूरजपुर, कोरिया, रायगढ़, बस्तर, कांकेर, बीजापुर, बालोद, धमतरी सहित 16 जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश की आशंका है। इस अलर्ट के मद्देनजर बस्तर जिले के कलेक्टर एस. हरीश ने जगदलपुर सहित जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राजधानी रायपुर, दुर्ग, भिलाई, अभनपुर, बलौदाबजार, भाटापारा, बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बस्तर समेत कई अन्य जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।

एक जुलाई को दोपहर 2:30 बजे तक झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय रहा। यह सिस्टम समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला है. मानसून की द्रोणिका श्री गंगानगर, रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से झारखंड तक एक और चक्रवातीय परिसंचरण प्रभावी है, जो 1.5 से 3.1 किमी ऊँचाई तक फैला है।जिसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों में सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।

शंकरगढ़ में सर्वाधिक 16 सेमी, औंधी में 12 सेमी, अंतागढ़ में 9 सेमी और खड़गांव में 8 सेमी वर्षा हुई. इसके अलावा दुर्गकोंदल, मानपुर, रामानुजगंज, पखांजुर, नारायणपुर, चांपा, भानुप्रतापपुर समेत अनेक स्थानों में 4 से 7 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई है । प्रदेश में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button