
खानपान
शाम के नाश्ते में ब्रेड और सूजी से बनाएं मार्केट जैसा पिज्जा, बच्चों का दिल हो जाएगा खुश, नोट करें रेसिपी
पिज्जा का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। चाहे बच्चे हों या बड़े पिज्जा का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। कई बार बच्चे पिज्जा खाने की जिद कर बैठते हैं। लेकिन अनहेल्दी होने की वजह से पेरेंट्स बच्चों को पिज्जा खिलाने से बचते हैं। ऐसे में आप घर पर बच्चों के लिए हेल्दी एंड टेस्टी पिज्जा बना सकती हैं। इसके लिए आपको सिर्फ, ब्रेड, सूजी की जरूरत होगी। इसे बनाना भी बेहद आसान है। ऐसे में यहां से फटाफट नोट करें मिनी पिज्जा की आसान सी रेसिपी।
सामग्री
- ब्रेड स्लाइस – 4-5
- सूजी – 1 कप
- दही – ½ कप
- मलाई या फ्रेश क्रीम – 2 चम्मच
- बारीक कटा प्याज – 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटी शिमला मिर्च – 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटा टमाटर – 1 छोटा चम्मच
- चिली फ्लेक्स और ओरिगेनो – 1-1 छोटा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- चीज
- बटर या तेल
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में सूजी, दही और मलाई को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा सा पानी डालकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इसके बाद इस बैटर को 10 मिनट के लिए छोड़ दें।
- 10 मिनट बाद सूजी के बैटर में कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद इसमें नमक, काली मिर्च पाउडर, आधा चम्मच चिली फ्लेक्स और ओरिगेनो डालकर सबको अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- अब ब्रेड को गोल शेप में काट लें। अगर इस पर पिज्जा सॉस लगाएं।इसके बाद तैयार सूजी और सब्जियों के मिक्चर को ब्रेड के ऊपर लगाएं।
- अब इस सूजी की लेयर के ऊपर ढेर सारा मोजारेला चीज डालें। ऊपर से थोड़ा सा चिली फ्लेक्स और ओरिगेनो छिड़कें।
- अब एक नॉन स्टिक तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा सा बटर या घी लगाएं।
- अब तैयार ब्रेड स्लाइस को तवे पर रखें। तवे को एक गहरे ढक्कन से ढक दें ताकि भाप बाहर न निकले। इसे धीमी आंच पर 3-4 मिनट के लिए पकने दें। जब ये पक जाए तो इसे सर्व करें।

