
अवैध संबंध के शक में पति बना हैवान, कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटा, खुद पुलिस को फोन कर दी हत्या की खबर
उत्तर प्रदेश, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में रहने वाले 44 वर्षीय अशोक निषाद ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी नीलम देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और फिर फावड़े से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर कहा कि उसकी पत्नी की लाश घर में पड़ी है। यह सुनते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत कॉल ट्रेस कर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 3 मार्च की देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। उस समय घर में पति-पत्नी के साथ उनका 17 वर्षीय बेटा सूरज और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, क्योंकि अशोक को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हो चुके थे।
घटना वाली रात अचानक घर से नीलम की चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर बेटा सूरज जाग गया और कमरे में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी थी। अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से हमला किया था और फिर फावड़े से उसका गला काट दिया था।
जब बेटे सूरज ने शोर मचाया तो आरोपी पिता ने उसे भी मारने के इरादे से फावड़ा लेकर दौड़ा लिया। डर के मारे सूरज किसी तरह घर से भाग निकला और गांव के बाहर जाकर अपने नाना राजेंद्र निषाद को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
इधर आरोपी अशोक निषाद अपनी पत्नी की लाश के पास ही कमरे में बैठा रहा। इसी बीच उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कॉल ट्रेस कर तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अशोक निषाद पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था, लेकिन कुछ सालों से वह गांव में रहकर खेती और पशुपालन कर रहा था। उसे लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे।
फिलहाल मृतका के पिता राजेंद्र निषाद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

