
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का अंतिम चरण आज, सात जिलों की 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा में शुरू होगा मतदान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज सात जिलों की 142 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। इसके लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज मतदान वाले सभी जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि निर्वाचन आयोग को विश्वास है कि दूसरे चरण में वोट प्रतिशत और बढ़ेगा और नया रिकार्ड बनेगा। इससे पहले 23 अप्रैल को पहले चरण के लिए 16 जिलों की 152 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से 93.19 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ था। इनमें अधिकांश जिले उत्तर बंगाल के थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आज दक्षिण बंगाल के सात जिलों में मतदान होना है। यह जिले हैं- कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और पूर्व बर्धमान। आयोग ने कहा है कि इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराने का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ करीब 40 हजार पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां तैनात रहेंगी।
पहले चरण में मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी लगाए गए थे। अंतिम चरण में सुरक्षा और कड़ी करते हुए बूथों पर जाने के रास्तों में भी सीसीटीवी लगाए गए हैं। ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। इस चरण में पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या भी 84 से बढ़ाकर 95 की गई है। अंतिम चरण में सभी की नजर कोलकाता की भवानीपुर सीट पर रहेगी। यहां मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी चुनौती दे रही हैं। वो नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं। वहां पहले चरण में मतदान हो चुका है।
दूसरे और आखिरी चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार हैं। इनमें फिरहाद हकीम, अरूप बिश्वास, जावेद खान, सुजीत बसु, शशि पांजा समेत ममता सरकार के कई मंत्री, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, माकपा की तेज-तर्रार नेता मीनाक्षी मुखर्जी और दीप्शिता धर शामिल हैं। आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुईं डॉक्टर की मां व संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रेखा पात्र भी उम्मीदवार हैं।

