छत्तीसगढ़

हैदराबाद से रायपुर लाया गया विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर, मंत्रियों और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर : अहिवारा से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर हैदराबाद से रायपुर पहुंच गया। रायपुर एयरपोर्ट परिसर स्थित स्टेट हैंगर में प्रदेश के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीर को दुर्ग-भिलाई के लिए रवाना किया गया। उनका अंतिम संस्कार दुर्ग जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में किया जाएगा।

स्टेट हैंगर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई नेताओं ने दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य विधायकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, भस्म आरती में हुईं शामिल

लंबे समय से चल रहा था इलाज

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वे फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका उपचार जारी था। 78 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित दुर्ग-भिलाई और पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश के कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

शिक्षक से विधायक तक का सफर

12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी। इसके साथ ही उन्होंने बीएड की डिग्री भी हासिल की थी। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा विभाग में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 1998 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1999 में उन्होंने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी काम किया था।

तीन बार अहिवारा से बने विधायक

कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर पहली बार अहिवारा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2018 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें फिर मौका दिया, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी गुरु रुद्र कुमार से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2023 में पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और उन्होंने शानदार जीत हासिल की। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों से हराया था। कोर्सेवाड़ा को 96,717 वोट मिले थे, जबकि निर्मल कोसरे को 71,454 मत प्राप्त हुए थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज विधायक दिवंगत श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे

कई महत्वपूर्ण पदों पर निभाई जिम्मेदारी

अपने पहले विधायक कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की विभिन्न समितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। नवंबर 2025 में उन्होंने इस पद का कार्यभार संभाला था।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper