
‘पंचायत’ के नए सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई है। प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ का सीजन 5 अब साल 2026 में रिलीज नहीं होगा। दर्शक लंबे समय से सचिव जी, प्रधान जी और फुलेरा गांव के बाकी किरदारों को एक बार फिर पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे। पहले खबरें थीं कि सीरीज अक्टूबर या नवंबर 2026 में स्ट्रीम हो सकती है, लेकिन अब मेकर्स ने रिलीज को लेकर स्थिति साफ कर दी है।
पंचायत सीजन 5 की रिलीज टली
अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर नए सीजन की रिलीज को लेकर जानकारी दी है। पोस्ट में लिखा गया, ‘पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा। बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है।’
इस घोषणा के साथ प्लेटफॉर्म ने बनराकस यानी भूषण की तस्वीर वाला एक रहस्यमयी पोस्टर भी जारी किया है। मेकर्स के इस अपडेट के बाद साफ हो गया है कि दर्शकों को फुलेरा की कहानी देखने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि, सीजन 5 की नई रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
पंचायत 5 में फिर दिखेंगे पुराने किरदार
सीरीज के अगले सीजन में एक बार फिर जितेंद्र कुमार सचिव अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। उनके अलावा नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सानविका, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे कलाकारों की भी वापसी होने की उम्मीद है।
‘द वायरल फीवर’ (TVF) के बैनर तले बनी इस सीरीज को चंदन कुमार ने लिखा है, जबकि दीपक कुमार मिश्रा ने इसका निर्देशन किया है। पिछले चार सीजन की तरह नए सीजन में भी फुलेरा गांव की राजनीति, रिश्तों और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से देखने को मिल सकते हैं।
पंचायत सीजन 5 में सुलझेंगे कई पुराने राज?
‘पंचायत’ के चौथे सीजन का अंत कई सवालों के साथ हुआ था। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि अगले सीजन में उन सभी अधूरी कहानियों के जवाब मिलेंगे। गांव के चुनाव के नतीजे, सचिव जी और रिंकी के रिश्ते तथा प्रधान जी पर हुए हमले से जुड़े रहस्य कहानी को आगे बढ़ाएंगे।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने रायगढ़ पहुंचे CM साय, जिंदल एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
सीरीज के लेखक चंदन कुमार ने भी पहले संकेत दिए थे कि नए सीजन में इन घटनाओं से जुड़े कई पहलुओं पर पर्दा उठ सकता है। वहीं, नीना गुप्ता ने भी चुनाव के नतीजों और मंजू देवी के किरदार को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ाई थी।
अब मेकर्स के ताजा ऐलान के बाद दर्शकों को ‘पंचायत 5’ के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। फिलहाल नई रिलीज डेट का खुलासा नहीं हुआ है।

