
महिला दिवस पर “एक दौड़ साईं झूलेलाल के नाम” का आयोजन, हजारों महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
रायपुर। पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत की महिला टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “एक दौड़ साईं झूलेलाल के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव पर सुबह के समय हुआ, जिसमें हजारों महिलाओं और समाज के सैकड़ों सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महापंचायत के प्रवक्ता दिनेश आनंद अठवानी और पवन प्रीतवानी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य चेट्रीचंड महोत्सव 2026 के आगाज के साथ-साथ समाज में महिला शक्ति को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से हुई, जहां महिलाओं ने भगवान झूलेलाल के जयकारों के साथ नाचते-गाते और उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया। इसके बाद मातृ शक्ति समूह जुलूस के रूप में नगर घड़ी चौक की ओर बढ़ा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया।
इस अवसर पर महिला अध्यक्ष भावना कुकरेजा ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि “जो जिंदा हो, तो जिंदा नजर आना जरूरी है”, और महिलाओं को समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से चेट्रीचंड महोत्सव 2026 की शुरुआत की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने “आयो लाल सभई चयो झूलेलाल” के जयकारे के साथ सभी को शुभकामनाएं दीं, जबकि पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी ने इसे समाज की एकता और संस्कृति का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला अध्यक्ष भावना कुकरेजा के साथ मंजू सुंदरानी, महामंत्री हर्षा मोटवानी, दीपिका जेठवानी, ज्योति हुंदानी, हेमा सुंदरानी, अनीता हिरदानी, रिचा रोहरा, पारुल चंदवानी, रीत खियानी, कुसुम डोडानी, दिव्या अडवानी, सुषमा खेमानी, मनीषा नारवानी, संगीता खूबवानी और मंजू मलंग सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया, जिसे समाज के लोगों ने यादगार बताया।


