स्मार्ट रिंग सेहत का रखेगी पूरा ध्यान! Oura Ring 5 लॉन्च, जानें फीचर्स और कितनी है कीमत

स्मार्ट हेल्थ टेक्नोलॉजी कंपनी ŌURA ने भारत में अपनी नई स्मार्ट रिंग Oura Ring 5 लॉन्च कर दी है। कंपनी के अनुसार, नई रिंग का डिजाइन पिछली Oura Ring 4 के मुकाबले 40% छोटा है। इसमें नेक्स्ट-जेनरेशन सेंसर, एडवांस हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स और एक बार चार्ज करने पर 6 से 9 दिन तक चलने वाली बैटरी दी गई है। यह डिवाइस यूजर्स की नींद, फिजिकल एक्टिविटी, तनाव और रिकवरी से जुड़े डेटा को ट्रैक करती है।
‘भारत हम सभी के लिए उम्मीद की किरण’, पोलैंड के PM ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ
Oura Ring 5 को हल्के और नॉन-एलर्जेनिक टाइटेनियम से तैयार किया गया है। इसमें नए सेंसर के साथ 12 ऑप्टिमाइज्ड सिग्नल पाथवे दिए गए हैं, जो अलग-अलग तरह की त्वचा और उंगलियों पर हेल्थ सिग्नल को बेहतर तरीके से रिकॉर्ड करने में मदद करते हैं। यह स्मार्ट रिंग छह अलग-अलग फिनिश में उपलब्ध होगी। इसकी प्री-बुकिंग 22 अक्टूबर 2026 से Amazon और Croma के जरिए शुरू हो गई है। इसकी शुरुआती कीमत 39,900 रुपये रखी गई है।
Oura Ring 5 की कीमत और उपलब्धता
Oura Ring 5 के ब्लैक और सिल्वर वेरिएंट की कीमत 39,900 रुपये है। वहीं, गोल्ड, डीप रोज, स्टील्थ और ब्रश्ड सिल्वर फिनिश वाले मॉडल 50,900 रुपये में उपलब्ध होंगे। इसे साइज 6 से 13 तक खरीदा जा सकेगा।
रिंग से मिलने वाले हेल्थ डेटा और पर्सनलाइज्ड इनसाइट्स को देखने के लिए Oura ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए कंपनी की मेंबरशिप भी जरूरी है, जिसकी कीमत 599 रुपये प्रति माह है। यानी रिंग की शुरुआती कीमत के अलावा यूजर्स को मेंबरशिप पर भी खर्च करना होगा।
हेल्थ मॉनिटरिंग के लिए मिलेंगे एडवांस फीचर्स
Oura Ring 5 में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो शरीर में होने वाले बदलावों को समझने में मदद करते हैं। इसका हेल्थ रडार फीचर बायोमेट्रिक संकेतों में होने वाले बदलावों को ट्रैक करता है।
वहीं, ब्लड प्रेशर सिग्नल फीचर 30 दिनों के रात के डेटा का विश्लेषण करके हृदय पर पड़ने वाले तनाव से जुड़े संभावित संकेतों की पहचान करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, नाइटटाइम ब्रीदिंग फीचर नींद के दौरान सांस लेने के पैटर्न को ट्रैक करता है।
महिलाओं और फिटनेस पर भी फोकस
नई स्मार्ट रिंग के साथ Oura ऐप में GLP-1 Insights फीचर भी दिया गया है। इसकी मदद से संबंधित दवाओं का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स अपनी डोज, संभावित साइड इफेक्ट्स और वजन में होने वाले बदलावों को रिकॉर्ड कर सकते हैं।
महिलाओं के लिए उपलब्ध Menopause Insights फीचर पेरिमेनोपॉज के दौरान नींद, मूड और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले प्रभावों को समझने में मदद करता है।
फिटनेस के लिए इसमें Cardio Effort फीचर मिलता है, जो वर्कआउट के दौरान हार्ट पर पड़ने वाले प्रभाव को ट्रैक करता है। इसके अलावा, Oura Labs में उपलब्ध ऑटोमैटिक VO2 Max फीचर GPS की मदद से वॉक, रन और हाइक के दौरान एरोबिक फिटनेस का अनुमान लगाता है।
ध्यान देने वाली बात: Oura Ring 5 से मिलने वाले हेल्थ डेटा और इनसाइट्स का इस्तेमाल स्वास्थ्य से जुड़े पैटर्न को समझने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, ये मेडिकल जांच, किसी बीमारी के निदान या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं हैं।

