देश-विदेश
Trending

दिल्ली हाई कोर्ट में बम धमाकों की धमकी , कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली । दिल्ली हाई कोर्ट को शुक्रवार सुबह एक ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। धमकी के बाद कोर्ट की कार्यवाही तत्काल स्थगित कर दी गयी। हाई कोर्ट परिसर को खाली कराने के बाद तलाशी अभियान जारी है।

अदालत के रजिस्ट्रार जनरल अरुण भारद्वाज को यह धमकी भरा ई-मेल आज सुबह 10:41 बजे प्राप्त हुआ। ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट में विस्फोट करने की बात कही गई है और दावा किया गया है कि नमाज़ के बाद जज चैंबर में किसी भी समय विस्फोट हो सकता है। सुबह जो ई-मेल मिला था, उसमें लिखा था कि कोर्ट के अंदर तीन बम रखे गए हैं और दोपहर 2 बजे तक परिसर खाली कर दें।

धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस ने हाई कोर्ट परिसर के न्यू ब्लॉक को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग के अनुसार उन्हें 12:25 बजे कॉल मिली थी, जिसके बाद तुरंत दो गाड़ियां हाई कोर्ट भेजी गईं। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।

धमकी के बाद अदालत में सुनवाई स्थगित कर दी गई है और कई कोर्ट रूम फिलहाल बंद करा दिए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मेल की उत्पत्ति और विश्वसनीयता की जांच में जुटी हैं।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper