
Chandigarh पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, करवाया गया खाली
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-34 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार धमकी भरे इस ई-मेल में सेक्टर-17 के बस स्टैंड का भी जिक्र किया गया था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और संबंधित इमारतों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए इलाके को खाली करवाया गया और वहां आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। वहीं, साइबर सेल की टीम अब इस ई-मेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मेल किसने और कहां से भेजी थी।
शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की करतूत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

