देश-विदेश
Trending

चुनाव आयोग कभी भी घर जाकर वोटिंग नहीं करवाता : केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को वर्चुअल प्रेसवार्ता कर कहा कि अब पूरी दिल्ली के माहौल से यह तो साफ हो गया है कि आआपा ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रही है और भाजपा हार की तरफ बढ़ रही है। इसलिए जाहिर तौर पर भाजपा अब कुछ भी करेगी। केजरीवाल ने आगे कहा कि चुनाव आयोग घर जाकर वोटिंग नहीं करवाता है। इस धोखे में मत रह जाना। उन्हें कई झुग्गियों से फोन आ रहे हैं कि ये लोग घर-घर जाकर कह रहे हैं कि हम चुनाव से पहले वाली रात को आएंगे और आपके घर पर ही आपके वोट डलवाकर ले जाएंगे। जबकि वोट घर पर नहीं डलता है। वह केवल आपकी उंगली पर काला निशान लगाने आ रहे हैं, ताकि आप वोट डालने न जा सकें। अगर आपकी उंगली पर काला निशान लगाते हैं तो बिल्कुल मत लगवाना। केजरीवाल ने कहा कि अगर आप वोट डालने नहीं गए तो ये सोच लेना कि आप अपने और अपने परिवार के साथ धोखा कर रहे हैं।


केजरीवाल ने आगे भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर भाजपा दिल्ली में आ गई तो एक साल के अंदर ये आपकी सारी झुग्गियां तोड़ देंगे और आपकी जमीन अपने दोस्तों को दे देंगे। आगे केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने बहुत बड़े स्तर पर इंतजाम किया है। पूरी दिल्ली के अंदर जगह-जगह स्पाई कैमरा और बॉडी कैमरा दिए जा रहे हैं। यह एक तरह से छिपा हुआ जासूसी कैमरा होता है और इनसे सारी रिकॉर्डिंग हो जाती है। यह सारे कैमरे पूरी दिल्ली में जगह-जगह झुग्गी-बस्तियों के अंदर और गरीब तबकों के अंदर बांट दिए गए हैं। साथ ही यह हमारे वॉलंटियर्स, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दे दिए गए हैं। अगर भाजपा कुछ भी करती है तो वह तुरंत कैमरे के अंदर रिकॉर्ड हो जाएगा और हम इन लोगों के ऊपर कार्रवाई करवाएंगे।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper