खेल
Trending

फीफा क्लब वर्ल्ड कप: मेसी के गोल से इंटर मियामी ने पोर्टो को 2-1 से हराया

नई दिल्ली । फीफा क्लब वर्ल्ड कप में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में लियोनेल मेसी की ट्रेड मार्क फ्री-किक की बदौलत इंटर मियामी ने पुर्तगाली क्लब पोर्टो के खिलाफ 2-1 से रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही एमएलएस क्लब इंटर मियामी ने ग्रुप-ए से अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया है।

पहले हाफ में सैमू आगहेहोवा के पेनल्टी गोल से पोर्टो को शुरुआती बढ़त मिली, लेकिन दूसरे हाफ में इंटर मियामी ने जोरदार वापसी की। पहले टेलास्को सेगोविया ने बराबरी का गोल दागा और फिर 54वें मिनट में मेसी ने एक शानदार फ्री-किक के जरिए अपनी टीम को जीत दिलाई।

पहले हाफ में पोर्टो का दबदबा

मैच की शुरुआत में पोर्टो ने आक्रामक खेल दिखाया और 8वें मिनट में उन्हें पेनल्टी मिली, जिसे वीएआर समीक्षा के बाद मंजूरी दी गई। इंटर मियामी के डिफेंडर नोआ एलेन द्वारा जोआओ मारियो को बॉक्स में हल्का सा टच करने पर रेफरी ने पेनल्टी दी।

स्पेनिश खिलाड़ी सैमू आगहेहोवा ने गोलकीपर ऑस्कर उस्तारी को छकाकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी, हालांकि उस्तारी ने गेंद को हाथ लगाया लेकिन रोक नहीं सके।

मेसी-सुआरेज़ की जोड़ी सक्रिय

लियोनेल मेसी ने शुरुआत से ही रचनात्मक भूमिका निभाई। उन्होंने अनुभवी स्ट्राइकर लुइस सुआरेज़ को एक शानदार गेंद थ्रू की, लेकिन सुआरेज़ ऑफसाइड थे और गोलकीपर क्लाउडियो रामोस ने भी अच्छा बचाव किया।

पहले हाफ के अंत तक पोर्टो का दबाव बना रहा। आगहेहोवा और वरेला ने गोल के कई मौके बनाए, लेकिन गोलपोस्ट और गोलकीपर उस्तारी की सतर्कता के चलते मियामी ने और गोल नहीं खाने दिए।

दूसरे हाफ में मियामी की वापसी

दूसरे हाफ की शुरुआत से ही इंटर मियामी ने आक्रामक खेल दिखाया। 47वें मिनट में मार्सेलो वाइगांट के क्रॉस पर टेलास्को सेगोविया ने शानदार फिनिशिंग करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

इसके कुछ ही मिनटों बाद 54वें मिनट में मेसी को बॉक्स के बाहर फाउल किया गया। इसके बाद उन्होंने खुद फ्री-किक ली और अपने चिर-परिचित अंदाज़ में गेंद को टॉप राइट कॉर्नर में डालकर इंटर मियामी को 2-1 की बढ़त दिलाई।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper