पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित, 7,500 पदों के लिए नई तारीख का इंतजार; कर्मचारी चयन मंडल ने जारी की सूचना

भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को झटका लगा है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने 7,500 पदों पर होने वाली पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होनी थी, लेकिन निर्धारित तारीख पर परीक्षा आयोजित नहीं की गई। इसके बाद 22 नवंबर की देर रात कर्मचारी चयन मंडल ने आधिकारिक सूचना जारी कर परीक्षा स्थगित होने की पुष्टि की। हालांकि, परीक्षा की नई तारीख को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।
जल्द जारी होगा नया परीक्षा शेड्यूल
पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख को लेकर अभ्यर्थियों के बीच पिछले कुछ दिनों से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब कर्मचारी चयन मंडल ने आधिकारिक सूचना जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। हालांकि, परीक्षा स्थगित करने के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया गया है।
ESB ने अभ्यर्थियों को जानकारी दी है कि परीक्षा का आयोजन जल्द किया जाएगा। इसके लिए संशोधित समय-सारणी यानी नया परीक्षा शेड्यूल आधिकारिक पोर्टल पर जारी किया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को नई तारीखों के ऐलान का इंतजार करना होगा।
7,500 पदों के लिए 7.51 लाख से अधिक आवेदन
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 7,500 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें जिला पुलिस बल के 6,800 पद और विशेष सशस्त्र बल (SAF) के 700 पद शामिल हैं।
इस भर्ती को लेकर युवाओं में काफी उत्साह था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए प्रदेशभर से 7 लाख 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। परीक्षा स्थगित होने से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की तैयारी और परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित हुआ है।
फिलहाल अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि नई परीक्षा तारीख और संशोधित कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके।
अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू होगी सीधी रेल सेवा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई


